News

13-06-2025 20:55:32

नहर में नहाने वालों पर खाकी की पैनी नजर-गिरफ्तारी में लेने के साथ हो रही कारवाई...

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। नहर में लगातार डूबने वालों की संख्या पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। लगातार दो दिनों से गंगनहर में नहाने वालो पर शिंकजा कसा जा रहा है। गुरुवार के बाद आज फिर से दस लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। 

गर्मी के मौसम में गंगनहर में पुल से छलांग लगाकर नहाने की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं, जिनमें कई बार दुर्भाग्यपूर्ण डूबने की घटनाएँ भी घटित हो चुकी हैं। स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया के माध्यम से थाना पिरान कलियर पर लगातार ऐसी जानकारियाँ प्राप्त हो रही थीं, जिनमें विशेषकर कलियर दरगाह आने वाले जायरीनों द्वारा गंगनहर में जान जोखिम में डालकर नहाने की सूचना दी जा रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना पिरान कलियर पुलिस द्वारा इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से एक सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत कलियर गंगनहर घाट और अन्य संवेदनशील जलस्रोतों के किनारों पर पुलिस टीमों ने गश्त व निगरानी करते हुए कार्यवाही की। पुलिस द्वारा गंगनहर घाट पर सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचा रहे 10 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्यवाही की गई। इनसे कुल 2500 रुपए का संयोजन शुल्क वसूला गया,साथ ही सभी को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई। हरिद्वार पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे गंगनहर, नदियों या अन्य जलस्रोतों पर संयम और शांति बनाए रखें। सुरक्षा के दृष्टिकोण से निर्धारित दूरी का पालन करें, पुलिस/प्रशासन के निर्देशों का सम्मान करें और धार्मिक पर्यटन को गरिमामयी बनाए रखने में सहयोग करें। पुलिस टीम में महिला उप निरीक्षक विशाखा असवाल,कांस्टेबल सचिन सिंह,महिला होमगार्ड सर्विष्ठा और होमगार्ड अमरीश कुमार शामिल रहे। वहीं आपदा राहत दल से एडीपीसी कालूरामएडीपी मनोज मलिक,कांस्टेबल अंकुर चौधरी,राहुल कुमार और राहुल चौधरी,खोताखोर (जल पुलिस) विकास कुमार और ⁠राधे श्याम शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies