News

10-10-2025 12:41:19

30 नवंबर को होगा रुड़की मैराथन का आयोजन-दस हजार लोग करेंगे प्रतिभाग-पंजीकरण शुरू....


दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::

रुड़की। बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप के द्वारा द्वितीय रुड़की हाफ मैराथन का आयोजन 30 नवंबर को होगा। इस हाफ मैराथन के साथ पांच किलोमीटर जोश रन और दस किलोमीटर विजय रन भी आयोजित होगी। इस दौड़ के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं कोई भी शहरवासी या आसपास के जिलों से लोग इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। इस प्रतियोगिता में पांच लाख से अधिक राशि के पुरस्कार बांटे जाएंगे। 


बीईजी परिसर स्थित कमांडेंट कार्यालय के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कमांडेंट केपी सिंह ने बताया कि गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी रुड़की मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। इस मैराथन में  पिछले वर्ष 5500 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग़ किया था इस वर्ष संख्या करीब दस हजार तक पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस दौड़ को तीन वर्ग में बांटा गया है। जिसमें पहली दौड़ पांच किलोमीटर जोश रन रहेगी जिसमें स्कूली छात्र छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। वहीं दूसरे वर्ग में दस किलोमीटर विजय रन का आयोजन होगा जिसमें कॉलेज के छात्र छात्राएं या अन्य युवा प्रतिभाग करेंगे। इसमें प्रतिभाग के लिए आयु सीमा कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। वहीं तीसरे और मुख्य वर्ग में हाफ मैराथन 21 किलोमीटर की होगी। सारी दौड़ बीईजी परेड ग्राउंड से शुरू होगी। जिसमें हाफ मैराथन परेड ग्राउंड से शुरू होकर सिविल लाइंस चौराहा होते हुए पिरान कलियर तक जायेगी और वहां से वापस आएगी। उन्होंने बताया कि इस मैराथन में उत्तराखंड के अलावा उत्तरप्रदेश के आसपास जिलों से भी लोग प्रतिभाग कर सकते हैं। सभी प्रतिभागियों का ऑनलाइन पंजीकरण होगा और सभी को टी शर्ट एवं कैप आदि मिलेगी। इसके साथ ही विजेताओं को पांच लाख से अधिक राशि के पुरस्कार वितरित होंगे। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य इस मैराथन को देश में एक ब्रांड के रूप में स्थापित करना है। इस मौके पर केंट बोर्ड सीओ दिग्विजय सिंह व अन्य सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies