पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा- पार्टी ने मौका दिया तो जीत दर्ज कर भाजपा को करेंगे मजबूत
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। खानपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के टिकट को लेकर दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। इसी क्रम में हरिद्वार जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुभाष वर्मा ने खानपुर विधानसभा सीट से भाजपा की ओर से चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश की है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष के समक्ष अपना बायोडाटा सौंपते हुए पार्टी से चुनाव लड़ने का अवसर देने की मांग की।

इस दौरान जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चौधरी विजेंद्र और बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुशील चौधरी भी मौजूद रहे। सुभाष वर्मा ने कहा कि वह लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं और पार्टी में विभिन्न पदों पर रहकर संगठन की सेवा करते आए हैं। क्षेत्र में भी वह लंबे समय से सक्रिय रहकर जनहित के कार्यों में जुटे हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति उनकी पूर्ण निष्ठा और समर्पण है। यदि संगठन उन्हें खानपुर विधानसभा से चुनाव लड़ने का अवसर प्रदान करता है तो वह पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे और जीत दर्ज कर भाजपा को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने क्षेत्र के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए संगठन से सेवा का अवसर देने की अपेक्षा जताई।
सुभाष वर्मा की दावेदारी सामने आने के बाद खानपुर विधानसभा में भाजपा के टिकट के दावेदारों की सूची में एक और नाम जुड़ गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी किस चेहरे पर अपना भरोसा जताती है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies