पूर्व बसपा नेता ने थामा सुराज सेवा दल का दामन, प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने सौंपी जिम्मेदारी
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। संविधान दिवस के अवसर पर सुराज सेवा दल की ओर से नगर निगम सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व बसपा नेता एवं अधिवक्ता संजीव वर्मा ने सुराज सेवा दल की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने उन्हें रुड़की महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम में वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि संगठन की शक्ति से बढ़कर कुछ नहीं है। संगठन पैसे के बल पर नहीं, बल्कि भावनाओं और आपसी विश्वास के आधार पर चलते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों में गरीब और आम लोगों के लिए अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं। सरकारी नौकरियां पैसे वालों तक सीमित होती जा रही हैं और पैसे लेकर नौकरियां बेचने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम पर है और बिना पैसे दिए काम करवाना मुश्किल हो गया है।

रमेश जोशी ने जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि आज के विधायक हेलीकॉप्टर में घूम रहे हैं, जबकि जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष को एक ही थाली के दो पहलू बताते हुए आरोप लगाया कि दोनों आपसी मिलीभगत से काम कर रहे हैं। उन्होंने आगामी चुनाव में जनता से अपने बीच के किसी मजबूत और संघर्षशील व्यक्ति को समर्थन देने की अपील की, जो उनकी आवाज सड़क से सदन तक उठा सके।

नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष संजीव वर्मा ने कहा कि सुराज सेवा दल लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करता आया है। संगठन ने सत्ता और विपक्ष की राजनीति से अलग रहकर आम लोगों की आवाज उठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा शोषित और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करते रहे हैं। अब संगठन से जुड़कर इस लड़ाई को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर इंतजार प्रधान, कुलदीप वर्मा, नितिन कटारिया, शमशाद प्रधान, आफताब, नौशाद, खलील, आलम, जावेद, हाकम, भगत सिंह और बिजेंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies