रुड़की पुलिस और सीआईयू की संयुक्त कार्रवाई, नशा तस्करी के सरगना की तलाश जारी
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रुड़की पुलिस ने एक युवक को 8.51 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 600 रुपये की नकदी भी बरामद की है। मामले में नशा तस्करी से जुड़े सरगना की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर की रात कोतवाली रुड़की पुलिस की टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ढंडेरा फाटक से करीब 200 मीटर रुड़की की ओर सड़क किनारे एक पेड़ के पास खड़ा युवक पुलिस को देखकर घबराने लगा। उसने अपनी जैकेट की जेब से कोई वस्तु निकालकर फेंकने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान रौनक उर्फ गोलू पुत्र अजय उर्फ बाबा, निवासी गोल भट्टा, मिलापनगर, ढंडेरा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से पारदर्शी पन्नी में रखी 8.51 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा एक एप्पल और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन तथा 600 रुपये नकद मिले।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ध्वजवीर सिंह, कांस्टेबल नरेश जोशी, विक्रम और प्रदीप डंगवाल शामिल रहे। स्मैक की बरामदगी में सीआईयू टीम का भी विशेष योगदान रहा। एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies