News

11/24/2026 4:48:51 PM

रामनगर में सरकारी धन की बर्बादी का आरोप! सड़क से ऊंचा फुटपाथ बनाने पर भड़के लोग, काम रुकवाया सही निर्माण को तोड़कर दोबारा टाइल्स लगाने पर उठाए सवाल; जनप्रतिनिधियों को शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप...



दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::

रुड़की। रामनगर में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। जीएसटी कार्यालय एवं रामनगर कचहरी के सामने वाली सड़क पर इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनाए जा रहे फुटपाथ के निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मौके पर काम रुकवा दिया। लोगों ने निर्माण कार्य में मनमानी, घटिया सामग्री के इस्तेमाल और सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथ की जो टाइल्स और पट्टी पहले से सही स्थिति में हैं, उन्हें काटकर हटाया जा रहा है और उनकी जगह नई टाइल्स लगाई जा रही हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि जब पुराना निर्माण ठीक है तो उसे तोड़कर दोबारा निर्माण कराने के पीछे क्या औचित्य है? क्या सरकारी धन इसी तरह खर्च किया जाएगा?

प्रदर्शनकारियों की सबसे बड़ी आपत्ति फुटपाथ के लेवल को लेकर है। उनका कहना है कि फुटपाथ सड़क के बराबर होना चाहिए, लेकिन विभाग द्वारा इसे सड़क से ऊंचा बनाया जा रहा है। यदि इसी तरह निर्माण हुआ तो बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने की समस्या पैदा होगी और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। लोगों ने निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।


जनप्रतिनिधियों को भी कराया अवगत, फिर भी नहीं हुई सुनवाई!


स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने शहर के जनप्रतिनिधियों को भी इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। वहीं वार्ड के स्थानीय पार्षद पंकज त्रिपाठी ने भी बताया कि उन्होंने संबंधित विभाग के ठेकेदार को सड़क के लेवल के अनुरूप ही फुटपाथ बनाने की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदार उनकी बात पर ध्यान नहीं दे रहा है।


वहीं मौके पर मौजूद ठेकेदार का कहना है कि विभाग की ओर से जिस तरह काम करने के निर्देश दिए जाएंगे, उसी के अनुसार निर्माण कराया जाएगा।


इस दौरान सतीश सैनी, गुलशन शर्मा, मोहनलाल शर्मा, भूषण शर्मा, ओम प्रकाश कोहली, नीरज, अनिल, सीता रानी घई सहित कॉलोनी के अनेक लोग मौजूद रहे।


अब बड़ा सवाल यह है कि जब स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि तक निर्माण की खामियों को लेकर सवाल उठा रहे हैं तो लोक निर्माण विभाग के अधिकारी आखिर कब संज्ञान लेंगे? क्या पुराने निर्माण को तोड़ने और नए फुटपाथ के निर्माण के औचित्य की जांच होगी? फिलहाल क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी आपत्तियों का समाधान किए बिना निर्माण कार्य स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies