गुरुवाणी और शबद-कीर्तन से निहाल हुई संगत, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने गुरुद्वारे में टेका माथा, जगह-जगह बरताया गया गुरु का अटूट लंगर
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):
रुड़की। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व रुड़की शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े हर्षोल्लास, श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर के सभी गुरुद्वारों को भव्य रूप से सजाया गया। गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजाए गए, जहां रागी जत्थों ने गुरुवाणी और शबद-कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। सुबह से ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने गुरु दरबार में माथा टेककर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा भी गुरुद्वारे पहुंचे। उन्होंने गुरु दरबार में माथा टेककर श्री गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए गुरु साहिब के बताए प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा सत्संग सभा में प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के उपरांत विशेष कीर्तन दरबार सजाया गया। भाई हरप्रीत सिंह जी (हजूरी रागी जत्था) और भाई बलजीत सिंह जी (लुधियाना वाले) ने मधुर शबद-कीर्तन कर संगत को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

वहीं दूसरी ओर बीटी गंज स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में भी प्रकाश पर्व के अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और गुरु दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। शहर के अन्य गुरुद्वारों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया।

इस दौरान कांग्रेस नेत्री पूजा गुप्ता,पार्षद सतवीर सिंह, नामित पार्षद हरमीत सिंह दुआ उर्फ शैली, हरेंद्र पाल सिंह, सुरजीत सिंह, कुलदीप सिंह, अजित सिंह, सिमरजोत सिंह, साहिब जोत सिंह, जसमीत सिंह, सजल सचदेवा और रणजीत सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने नगर कीर्तन का स्वागत करते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में मनीषा बत्रा और कांग्रेस नेत्री पूजा गुप्ता भी पहुंचीं।

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पूरे रुड़की शहर में धार्मिक उल्लास, सेवा और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के संदेश 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies