29 नवंबर को निकलेगी राम बारात, छह दिसंबर को पुरस्कार वितरण के साथ होगा समापन
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रुड़की गढ़वाल सभा की ओर से 25 नवंबर से श्रीराम चरित्र मंचन का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली इस लीला में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों के साथ ही पहाड़ की संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखने को मिलेगी। मंचन का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा करेंगे।

गढ़वाल सभा में आयोजित पत्रकार वार्ता में सभा के अध्यक्ष चंद्रमोहन जोशी, सचिव राकेश चौहान, संयोजक कमला बमौला, सह संयोजक सुशील रावत, निर्देशक विवेकानंद डोभाल और सह निर्देशक अर्पण जोशी ने बताया कि श्रीराम चरित्र मंचन को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत 29 नवंबर को भव्य राम बारात निकाली जाएगी, जो आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। राम बारात में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि मंचन का समापन छह दिसंबर को होगा। अंतिम दिन आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी और मेयर अनीता अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान मंचन में प्रतिभाग करने वाले कलाकारों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि मंचन के अलग-अलग दिनों में विभिन्न अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies