अनाज मंडी चौक के संकरे मार्ग पर बिना खाली जगह छोड़े बना दीं आठ दुकानें, जाम के साथ आपातकाल में भी बढ़ सकती है परेशानी
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। शहर में अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या पहले ही लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर कुछ भवन निर्माणकर्ता कथित तौर पर नियमों को ताक पर रखकर शहर की सूरत बिगाड़ने में जुटे हैं। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) की निगरानी के बावजूद शहर में ऐसे निर्माण कार्य हो रहे हैं, जिनसे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है, बल्कि भविष्य में गंभीर समस्याएं भी खड़ी हो सकती हैं।

एक ओर आम आदमी को अपने मकान का नक्शा पास कराने और स्वीकृत नक्शे के अनुसार निर्माण करने के लिए विभागीय प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर कुछ निर्माणकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर स्वीकृत मानकों की अनदेखी कर बहुमंजिला इमारतें खड़ी की जा रही हैं। ऐसे निर्माणों को लेकर प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ताजा मामला अनाज मंडी चौक पर गंगा स्वीट्स से पाल ज्वेलर्स की ओर जाने वाले मार्ग का है। करीब आठ से दस फीट चौड़े इस संकरे मार्ग पर पहले से ही जाम की समस्या बनी रहती है। इसके बावजूद यहां एक भवन में नीचे चार दुकानें और उनके ऊपर चार दुकानें बना दी गई हैं। हैरानी की बात यह है कि भवन के बाहर दोपहिया वाहन खड़ा करने तक की जगह नहीं छोड़ी गई है। चारों ओर भी कोई खाली स्थान नहीं दिखाई देता।
ऐसे में इस निर्माण के कारण आने वाले समय में मार्ग पर जाम की समस्या और गंभीर होने की आशंका है। दुकानों के बाहर वाहन खड़े होने या सामान रखे जाने से रास्ता और संकरा हो सकता है। वहीं आग लगने या अन्य किसी आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

शहर में चर्चा है कि आखिर प्राधिकरण की निगरानी के बावजूद इस तरह के निर्माण कैसे हो रहे हैं। लोगों का सवाल है कि क्या भवन का नक्शा स्वीकृत है और यदि है तो निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुरूप किया गया है या नहीं? इसी तरह प्रेम मंदिर के समीप भी एक भवन का निर्माण अवैध होने की चर्चा है। इसके अलावा शहर के अन्य कई इलाकों में भी निर्माण कार्य जारी हैं।

अब देखना यह होगा कि एचआरडीए इन निर्माणों की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करता है या फिर शहर की बिगड़ती व्यवस्था को इसी तरह नजरअंदाज किया जाता रहेगा। वहीं हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के जेई प्रखर अग्रवाल ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में आया है जल्द ही संबंधित भवन स्वामी को नोटिस जारी कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies