दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस धनौरी में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) उत्तराखंड ने छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ हर्ष सैनी ने की और संचालन उप प्राचार्य डॉ योगेश कुमार ने किया।
शनिवार को हरिओम सरस्वती कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल साइंस धनौरी में पहुचे पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ.वी. मुरुगेशन ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है। युवाओं को अपना करियर बनाने के लिए सही रास्ता चुनना चाहिए। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे परिवार और भविष्य को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और क्षेत्र में नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की।
उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। ओर उन्होंने सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ऑनलाइन ठगी से बचने की जानकारी दी। डिजिटल अरेस्ट और एआई के जरिए होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत करने को कहा।
उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा के लिए गौरा शक्ति ऐप और आपात स्थिति में 112 नंबर का इस्तेमाल करने की जानकारी दी। साथ ही युवाओं से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की अपील की।कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और छात्र-छात्राओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव भी रखे। एडीजी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. आनंद सिंह उनियाल ने कहा कि युवाओं को गलत संगत से बचना चाहिए। अगर उनके साथी नशा करते हैं तो उन्हें इसके दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करें।योगाचार्य डॉ अंकित सैनी ने कहा कि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का पिछड़े क्षेत्र के लोगों के बीच आना सौभाग्य की बात है। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी , प्राचार्य डॉ मुनेंद्र सिंह, डॉ अंजली देवी, डॉ अंजलि गौड़, डॉ छवि, डॉ निशा रानी, डॉ भूपेंद्र सिंह, अंकेश चौहान,डॉ अरुणिमा पांडे, संध्या त्यागी, अजय परमार और कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षक, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies