रामपुर चुंगी स्थित एसबीआई एटीएम में युवक ने दिया था मदद का झांसा, पुलिस से की शिकायत
दैनिक रुड़की (रियाज कुरैशी)::
रुड़की।रामपुर चुंगी स्थित एसबीआई के एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति के साथ मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एटीएम में कार्ड लगाने के बाद मशीन से रुपये नहीं निकलने पर पास खड़े युवक ने मदद की पेशकश की। इसी दौरान युवक ने चुपचाप उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ देर बाद उनके खाते से 24 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज मोबाइल पर आया तो उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने मामले की शिकायत गंगनहर कोतवाली पुलिस से की है।
गाजियाबाद निवासी अब्दुल रहीम रिश्तेदारी में रुड़की आए थे। बताया कि शनिवार को वह रामपुर चुंगी स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्होंने एटीएम मशीन में अपना कार्ड लगाया, लेकिन कार्ड काम नहीं कर रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने उनकी मदद करने की बात कही।
आरोप है कि युवक ने मदद करने के दौरान नजर बचाकर उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और वहां से चला गया। कुछ देर बाद अब्दुल रहीम के मोबाइल पर खाते से 24 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश आया। यह देखकर वह हैरान रह गए। उन्होंने अपना एटीएम कार्ड देखा तो वह बदला हुआ था। इसके बाद उन्होंने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies