
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। किसानों की लंबित समस्याओं और सरकार की ओर से किए गए वादों पर अमल नहीं होने से भारतीय किसान यूनियन टोडा ने कड़ा रुख अपना लिया है। मलकपुर चुंगी स्थित भारतीय किसान यूनियन टोडा के कार्यालय पर आयोजित बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंगलौर में भाजपा नेता करतार सिंह भड़ाना के आवास के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंच रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री को किसान काले झंडे दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा ने कहा कि सरकार ने इकबालपुर शुगर मिल की नीलामी कराकर दो सप्ताह के भीतर मिल को शुरू कराने और किसानों का बकाया भुगतान दिलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दूसरी ओर गन्ने का निर्धारित मूल्य घोषित नहीं किए जाने से किसान नाराज हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के ट्यूबवेल के बिजली मुफ्त करने का वादा भी आज तक पूरा नहीं हुआ है।
सचिन टोडा ने किसानों की आईडी अनिवार्य करने के सरकार के हालिया फैसले पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एक तरफ समितियों में किसानों को खेती के लिए पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रहा है और किसान खाद के लिए परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ नई आईडी व्यवस्था लागू कर किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार और प्रशासन किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लें, अन्यथा इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसान लगातार बिजली अधिकारियों, प्रदेश के बिजली मंत्री और शासन के अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। बिजली बिलों के सरचार्ज माफ करने की मांग पर भी सरकार ने अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। इस मामले में उन्होंने बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं यूनियन के राष्ट्रीय सलाहकार परवेज प्रधान ने हाईवे निर्माण से प्रभावित किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि सरकार ने विकास के नाम पर बड़े-बड़े हाईवे तो बना दिए, लेकिन किसानों की उपजाऊ जमीन अधिग्रहित करने के बाद उनके खेतों से बरसात के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई। हाईवे के किनारे नाले और जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी खेतों में भर रहा है, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों को राहत देने और जल निकासी की व्यवस्था तत्काल कराने की मांग की।
बैठक में किसान नेताओं ने एक स्वर में कहा कि किसानों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो भारतीय किसान यूनियन टोडा सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद नाजिम अली, राष्ट्रीय संयोजक इकबाल प्रधान, राष्ट्रीय सलाहकार परवेज प्रधान, शेर अली, सैयद अली, मनोज पाल, ललित गिरी, कपिल कश्यप, राजवीर चेयरमैन, जिलाध्यक्ष मुबारक अली सहित बड़ी संख्या में किसान पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies