News

11/19/2026 10:22:41 AM

दो साल बाद बेटे से मिला बिछड़ा पिता, वीडियो कॉल पर छलक पड़े आंसू-प्रयागराज कुंभ में परिवार से बिछड़े बुजुर्ग को कलियर में पुलिस ने खोजा....

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::



पिरान कलियर। अपनों से बिछड़ने का दर्द क्या होता है, यह एक परिवार ने दो साल तक सहा। प्रयागराज कुंभ में स्नान के दौरान परिवार से बिछड़े 65 वर्षीय बुजुर्ग आखिरकार पुलिस की मदद से अपने परिजनों से मिल गए

कलियर में भिक्षावृत्ति कर जीवन गुजार रहे बुजुर्ग को पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान खोज निकाला। दो साल बाद पिता को वीडियो कॉल पर देखकर बेटा अपने आंसू नहीं रोक पाया। वहीं कलियर पहुंचकर पिता से मिलते ही वह उनसे लिपटकर फूट-फूटकर रो पड़ा। इस भावुक मिलन ने वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम कर दीं।


कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम को दरगाह साबिर पाक परिसर में जूता स्टाल के पास करीब एक 65 वर्षीय बुजुर्ग लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांगते मिले। टीम में शामिल कांस्टेबल मुकेश कुमार ने बुजुर्ग से बातचीत की तो उन्होंने खुद को बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र का निवासी बताया बुजुर्ग ने बताया कि वह दो साल पहले प्रयागराज कुंभ में गांव के लोगों के साथ स्नान करने गए थे, जहां अपने परिवार से बिछड़ गए थे।बुजुर्ग की बात सुनकर पुलिस टीम ने उनके बताए पते के आधार पर बिहार के कुटुंबा थाना पुलिस से संपर्क किया। बुजुर्ग का नाम और फोटो भेजकर परिजनों की जानकारी जुटाई गई। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने उनके बेटे से संपर्क किया और वीडियो कॉल कराई। स्क्रीन पर पिता को देखते ही बेटा भावुक हो गया और रोते हुए उनकी पहचान की। उसने बताया कि परिवार दो साल से लगातार पिता की तलाश कर रहा था, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पा रहा था।पिता के मिलने की खबर मिलते ही बेटा अंकित हरिद्वार पहुंचा और वहां से कलियर आया। दो साल बाद पिता को सामने देखकर वह उनसे लिपट गया। पिता-पुत्र के इस मिलन का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था। बेटे ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की मदद से उन्हें अपने पिता वापस मिल सके हैं। पुलिस ने बुजुर्ग को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में उप निरीक्षक के पद पर तैनात उनके बेटे और अन्य परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में एएचटीयू और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में एसएसआई रमेश सैनी, एसआई विनोद गोला,हेड कांस्टेबल जमशेद,बीआर वर्मा,रविंद्र सिंह,कांस्टेबल मुकेश कुमार, जितेंद्र सिंह शामिल रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies