दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की।भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र स्थित फोनिक्स यूनिवर्सिटी के सभागार में बुधवार को ‘युवा अनप्लग्ड’ (वक्तृत्व प्रतियोगिता) का सफल आयोजन किया गया। ‘सेव डेमोक्रेसी, रिमूव एनार्की’ (लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ) विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में संगठनात्मक जिला रुड़की की विभिन्न विधानसभाओं से आए प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपने विचारों और प्रभावशाली वक्तव्य के माध्यम से विषय पर अपनी समझ और अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा संगठनात्मक जिला रुड़की की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन इंजीनियर चैरब जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. भुवनेन्द्र चौधरी एवं डीन डॉ. संग्राम उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखने की योग्यता विकसित करती हैं। युवाओं को सामाजिक एवं लोकतांत्रिक विषयों पर जागरूक होकर अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में युवा मोर्चा के जिला मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक इंजीनियर सुजल कौशिक, जिला मीडिया सह प्रभारी एवं सह संयोजक गोपी अग्रवाल, जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं सह संयोजक आयुष चौरसिया सहित युवा मोर्चा के अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies