दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। उत्तराखंड शासन द्वारा गौरव त्यागी को उत्तर रेलवे खंड में सदस्य नामित किए जाने पर उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। शासन की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने को क्षेत्र के लिए सम्मान की बात माना जा रहा है।

इस अवसर पर गौरव त्यागी ने उत्तराखंड सरकार एवं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए वह सभी के आभारी हैं। यह उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि जनसेवा और संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा के साथ निभाने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि वह शासन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उत्तर रेलवे खंड से जुड़े विषयों, जनहित के मुद्दों तथा क्षेत्र के विकास से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पालन करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि इस जिम्मेदारी के माध्यम से आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए सकारात्मक कार्य किए जाएं।

गौरव त्यागी ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और सरकार ने जिस भरोसे के साथ उन्हें यह दायित्व दिया है, उस भरोसे को कायम रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी समर्थकों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी का स्नेह और सहयोग उन्हें जनसेवा के कार्यों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।गौरव त्यागी के सदस्य नामित होने पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies