News

11/17/2026 7:17:11 PM

दरगाह की चौखट पर अश्लील नृत्य! बाहरी किन्नरों पर कार्रवाई के लिए उठी आवाज..

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह पिरान कलियर में कुछ बाहरी किन्नरों द्वारा परिसर में अश्लील नृत्य किए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी मिलने के बाद स्थानीय किन्नर समाज की गद्दीपति सपना गुरु ने कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन और दरगाह कार्यालय से मामले में कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कोतवाली पिरान कलियर के प्रभारी और दरगाह कार्यालय को शिकायती पत्र सौंपकर भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।


सपना गुरु की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि वह पिछले कई वर्षों से कलियर और रुड़की क्षेत्र में किन्नर समाज से जुड़ी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि कुछ बाहरी किन्नरों ने दरगाह साबिर पाक के परिसर में अश्लील नृत्य किया है। उन्होंने इस तरह की हरकत को शर्मनाक बताते हुए कहा कि इससे दरगाह की मान-मर्यादा और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचती है।


शिकायती पत्र में सपना गुरु ने कहा कि दरगाह जैसे पवित्र धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इस तरह की गतिविधियां न केवल धार्मिक स्थल की मर्यादा के विपरीत हैं, बल्कि स्थानीय किन्नर समाज की प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार दरगाह क्षेत्र के लोगों और प्रशासन से शिकायत कर सख्त कदम उठाने की मांग की जा चुकी है।


उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए। साथ ही भविष्य में यदि इस तरह की कोई घटना सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।


सपना गुरु ने पत्र में यह भी स्पष्ट किया कि कलियर और आसपास के क्षेत्र का किन्नर समाज हमेशा प्रशासन के साथ खड़ा रहा है और आगे भी क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था तथा धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करता रहेगा।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies