आठ-नौ कुत्तों के हमले के बाद हुआ विवाद, महिला ने पड़ोसी की पत्नी और बेटी पर लगाए गंभीर आरोप
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। न्यू नेहरू नगर में आवारा कुत्तों के हमले से एक बच्ची के घायल होने और उसे बचाने पहुंची मां के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता अलका व्यास ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर देकर पड़ोस में रहने वाले एक परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी बेटी किसी काम से घर से बाहर जा रही थी। इसी दौरान आठ से नौ आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया।
अलका व्यास का आरोप है कि इन कुत्तों को स्थानीय निवासी नीरज सिंघल ने पाल रखा है। इस संबंध में उन्होंने 14 अक्टूबर को नगर निगम और मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।पीड़िता के अनुसार, बेटी की चीख-पुकार सुनकर जब वह उसे बचाने पहुंचीं तो नीरज सिंघल की पत्नी और बेटी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि दोनों ने उनका गला घोंटने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, घर से किसी धारदार वस्तु से उनके गले, हाथ और पैर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।पीड़िता ने मामले में गंगनहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी है। उनका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है। अब पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies