
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
भगवानपुर। भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम खजुरी स्थित प्राचीन मां बाला सुंदरी मंदिर का जीर्णोद्धार तथा भगवान शिव और हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। मंदिर को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट की टीम दिन-रात मेहनत कर रही है। हाल ही में मंदिर समिति और ट्रस्ट के सहयोगियों ने निर्माण स्थल का अवलोकन कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष विकास त्यागी ने बताया कि यह मंदिर खजुरी गांव के बसने से भी प्राचीन है। वर्ष 2002 में स्वर्गीय श्री आनंद प्रकाश त्यागी द्वारा इस मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था, लेकिन समय के साथ मंदिर का भू-तल आसपास की भूमि से नीचे हो गया था। इसके चलते मंदिर के पुनः जीर्णोद्धार एवं भव्य निर्माण की आवश्यकता महसूस हुई। लगभग एक वर्ष पूर्व (वर्ष 2025 में) ग्रामवासियों की बैठक में इस मंदिर के निर्माण की जिम्मेदारी प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट को सौंपी गई थी।
विकास त्यागी ने बताया कि मंदिर निर्माण के प्रथम चरण में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर नींव रखी गई थी। इसके बाद निर्माण कार्य को आगे बढ़ाते हुए मां बाला सुंदरी, भगवान शिव और हनुमान जी के विग्रहों की स्थापना हेतु मंदिर का निर्माण कार्य शुरू किया गया। वर्तमान में चिनाई, प्लास्टर और लेंटर के कार्य के पश्चात फर्श मार्बल लगाने तथा शिखर तैयार करने का कार्य तेजी से प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के सभी सहयोगी इस धार्मिक कार्य को जल्द पूरा कराने के लिए पूरी लगन से जुटे हुए हैं। ग्राम खजुरी की यह धार्मिक धरोहर पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र है। मंदिर का निर्माण केवल ट्रस्ट का नहीं, बल्कि समस्त ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग का कार्य है।
विकास त्यागी ने ग्राम खजुरी के समस्त निवासियों, प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट के सहयोगियों तथा सभी दानदाताओं से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस पुण्य कार्य में आर्थिक सहयोग प्रदान करें, ताकि मां बाला सुंदरी, भगवान शिव एवं हनुमान जी का भव्य मंदिर जल्द बनकर तैयार हो सके।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य योगेश त्यागी, सुनील त्यागी खजूरी, निरंकार त्यागी खजूरी, रामकुमार शर्मा, गौरव त्यागी, हार्दिक त्यागी (सदस्य, प्रयास फाउंडेशन ट्रस्ट), नीरज त्यागी, पंडित शिवकुमार शर्मा सहित मंदिर समिति एवं ट्रस्ट के अन्य गणमान्य सहयोगी उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies