
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल, रुड़की में सीपीयू (सिटी पेट्रोल यूनिट) रुड़की की टीम द्वारा विद्यालय के स्कूली वाहनों का निरीक्षण किया गया तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सीपीयू टीम ने विद्यालय प्रबंधन के साथ मिलकर स्कूल बसों, वैन एवं विद्यार्थियों के परिवहन में प्रयुक्त अन्य वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाहनों में उपलब्ध आवश्यक सुरक्षा उपकरणों, स्पीड गवर्नर, प्राथमिक उपचार किट एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।

इसके साथ ही स्कूली वाहनों के वैध परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
सीपीयू टीम द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को न बैठाने, ओवरलोडिंग से बचने तथा बिना वैध दस्तावेजों के वाहन का संचालन न करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान के दौरान निम्नलिखित सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर दिया गया जैसे स्कूल बस, वैन एवं विद्यार्थियों के परिवहन में प्रयुक्त सभी वाहनों की नियमित जांच एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना। वाहनों के वैध परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखना। वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक विद्यार्थियों को न बैठाना तथा ओवरलोडिंग एवं अनधिकृत वाहन संचालन से बचना। स्कूल वाहनों में आपातकालीन निकास, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, स्पीड गवर्नर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता सुनिश्चित करना।यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना। विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों एवं वाहन चालकों के बीच समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति निरंतर जागरूकता बनाए रखना।
इस अवसर पर सीपीयू टीम में उप निरीक्षक मुकेश कुमार, मनोज शर्मा, कृपाराम कंवरपाल शामिल रहे। विद्यालय प्रबंधक अशोक चौहान ने सीपीयू टीम के सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा विद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालय प्रबंधन भविष्य में भी सभी यातायात एवं सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सीपीयू टीम का आभार व्यक्त किया गया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies