दूसरे छात्रों की अंकतालिकाओं पर फ्लूड लगाकर बदले नाम, दो लोगों के साथ मिलकर तैयार किए थे कूटरचित दस्तावेज
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। मृतक की नौकरी और पेंशन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में रुड़की पुलिस ने शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी, पिरान कलियर के प्रधानाचार्य एवं कॉलेज के मालिक रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रधानाचार्य ने दो अन्य आरोपियों के साथ मिलकर दूसरे छात्रों की अंकतालिकाओं पर फ्लूड लगाकर नाम बदल दिए और फर्जी स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) व अंकतालिकाएं तैयार कीं। इसके बाद अपने ही कॉलेज में दोनों आरोपियों को दसवीं कक्षा में प्रवेश भी दिलाया।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2025 को सिंचाई विभाग रुड़की के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालूराम यादव ने कोतवाली रुड़की में संदीप कुमार और सपना देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि दोनों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मृतक प्रकाश चंद की नौकरी और पेंशन प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ी की। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 351/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक भजराम चौहान को सौंपी थी।
जांच में सामने आया कि संदीप कुमार और सपना देवी ने वर्ष 2013-14 में शिव बाबा इंटर कॉलेज माजरी से दसवीं की परीक्षा दी थी, जिसमें दोनों असफल रहे थे। इसके बाद उन्होंने चौधरी रणजीत सिंह मेमोरियल हाई स्कूल सुनहरा में प्रवेश लिया। यहां वर्ष 2015 में संदीप कुमार दसवीं की परीक्षा में उत्तीर्ण हुआ, जबकि सपना देवी असफल रही।

विवेचना के दौरान संदीप कुमार की वर्ष 2012-13 की नौवीं कक्षा की एक अंकतालिका शिव बाबा इंटर कॉलेज से जारी होना संदिग्ध पाया गया। जांच में पता चला कि कॉलेज के तत्कालीन प्रधानाचार्य प्रदीप की चार मई 2012 को ही मृत्यु हो चुकी थी। ऐसे में उनके द्वारा उक्त अंकतालिका जारी किए जाने का सवाल ही नहीं उठता था।

पुलिस ने पूछताछ के लिए कॉलेज के वर्तमान प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार को बुलाया। पूछताछ में सामने आया कि वह पूर्व प्रधानाचार्य की मृत्यु के बाद से कॉलेज का संचालन कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, रविंद्र कुमार ने कॉलेज के अभिलेखों में छेड़छाड़ कर अन्य छात्रों की अंकतालिकाओं पर फ्लूड लगाकर नाम बदले और संदीप कुमार व सपना देवी के साथ मिलकर फर्जी टीसी एवं अंकतालिकाएं तैयार कीं। आरोप है कि वर्ष 2009 की मार्कशीट भी कूटरचित तरीके से तैयार की गई थी।


पुलिस ने आरोपी रविंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार निवासी ग्राम माजरी, थाना पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भजराम चौहान और कांस्टेबल गुलबहार शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies