News

11/11/2026 5:41:00 PM

नौ माह से बंद बुध बाजार, रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे व्यापारी, सिंचाई विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन...


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::

रुड़की। पिछले नौ माह से बुध बाजार नहीं लगने से नाराज व्यापारियों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। व्यापारियों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन कर बाजार दोबारा शुरू कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि बाजार बंद होने से सैकड़ों व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।


व्यापारियों ने बताया कि वे लंबे समय से नहर किनारे स्थित सिंचाई विभाग की जमीन पर प्रत्येक बुधवार को बुध बाजार लगाते आ रहे थे। करीब नौ माह पूर्व सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बाजार हटवा दिया था। इसके बाद से लगातार प्रयास करने के बावजूद बाजार दोबारा शुरू नहीं हो सका है।


बुध बाजार सेवा समिति के अध्यक्ष रजनीश सैनी ने बताया कि इस मामले को लेकर व्यापारी लखनऊ और मेरठ तक गए। वहां उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री और विभाग के उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी गई। उन्होंने बताया कि अधिकारियों की ओर से अधिशासी अभियंता को उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद बुध बाजार लगाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बाजार बंद होने से छोटे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।


प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया और बुध बाजार दोबारा शुरू कराने के लिए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान रामानंद कश्यप, सरदार सोहन सिंह, राहुल, दीपक, सुखदेव सैनी, पप्पू, अहसान, कुर्बान, आदिल, असलम, जीशान, छोटा, विनोद कश्यप, सुभाष और रवि सैनी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies