
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रामनगर स्थित श्री सनातन धर्म राम मंदिर सभा द्वारा भगवान गोवर्धन जी की पूजा-अर्चना का धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान गोवर्धन जी की गोबर से निर्मित सुंदर एवं आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई, जिसकी विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।


पूजा-अर्चना के उपरांत मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों ने भगवान गोवर्धन जी की प्रतिमा की परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात मंदिर सभा की ओर से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान गोवर्धन जी का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा नेता संजय अरोड़ा तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान मंदिर सभा के प्रधान रामजी भेटजा एवं मन्नू मेहंदीरत्ता सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर अतिथियों ने भगवान गोवर्धन जी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में पूरे समय धार्मिक उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा। मंदिर सभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies