
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। रुड़की में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। अब चोरों ने प्रेम मंदिर रोड के पास हार्दिक टेलीकॉम वाली गली में घर के बाहर खड़ी महिंद्रा थार को निशाना बना लिया। अज्ञात चोर तड़के गाड़ी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद वाहन स्वामी ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार निवासी अक्ष भाटिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी महिंद्रा थार गाड़ी संख्या UK15 D 9901 रुड़की में उनके ताऊ के बेटे के पास थी। गाड़ी प्रेम मंदिर रोड के नजदीक हार्दिक टेलीकॉम वाली गली में घर के बाहर खड़ी की गई थी। सात नवंबर 2026 की सुबह करीब 4:19 बजे अज्ञात व्यक्ति गाड़ी चोरी कर ले गए। काफी तलाश करने के बाद भी गाड़ी का कोई पता नहीं चल सका।

घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली रुड़की पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies