News

11/9/2026 7:57:56 PM

कूड़ा डालने पहुंची गाड़ी को महिलाओं ने रोका वार्ड चार में कूड़े के ढेर से परेशान लोगों का फूटा गुस्सा-नगर पंचायत के खिलाफ की नारेबाजी-दीवार पर लिखा- नगर पंचायत शर्म करो-कूड़ा हटाओ-मोहल्ला बचाओ....

दैनिक रुड़की (इकराम अली)::


पिरान कलियर। नगर पंचायत की कथित लापरवाही से परेशान वार्ड चार के लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। बस्ती में कूड़ा डालने पहुंची नगर पंचायत की कूड़े से भरी गाड़ी को महिलाओं और स्थानीय लोगों ने रास्ते में ही रोक लिया। इसके बाद नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विरोध बढ़ता देख सफाई कर्मचारी कूड़े से भरी गाड़ी लेकर वापस लौट गए।

स्थानीय महिलाओं मुन्नी, छोटी, रेशमा, सन्नो, आजाद त्यागी, तस्लीम त्यागी और अनीश समेत अन्य लोगों का आरोप है कि वार्ड चार की बस्ती में लगातार कूड़ा डाला जा रहा है। इस समस्या को लेकर नगर पंचायत को कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या के समाधान की जहमत नहीं उठाई। नतीजतन बस्ती में कूड़े के ढेर लगते जा रहे हैं और स्थानीय लोगों को गंदगी व दुर्गंध के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है

लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की इस व्यवस्था का खामियाजा केवल बस्ती के लोगों को ही नहीं, बल्कि पास स्थित कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी भुगतना पड़ रहा है। कॉलेज के रास्ते के आसपास कूड़े के अंबार लगे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को रोजाना गंदगी और दुर्गंध के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। बार-बार शिकायत के बावजूद कूड़े की समस्या दूर नहीं होना नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। सोमवार को नाराज महिलाओं ने कूड़े से भरी गाड़ी रोककर साफ संदेश दिया कि अब बस्ती को कूड़ाघर नहीं बनने दिया जाएगा। लोगों ने दीवार पर 'नगर पंचायत शर्म करो, कूड़ा हटाओ, मोहल्ला बचाओ' का नारा लिखकर भी अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बस्ती और कॉलेज मार्ग के आसपास कूड़ा डालने पर तत्काल रोक लगाने तथा पहले से जमा कूड़े का उठान कराने की मांग की। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि बरसात के दौरान रास्ता खराब होने के कारण कुछ लोगों ने वहां कूड़ा डाल दिया था। अब रास्ता दुरुस्त हो गया है। नगर पंचायत की ओर से कूड़ा नियमित रूप से निर्धारित स्थान पर ही डाला जा रहा है।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies