
कलियर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत की कार्रवाई, 21 किलो गांजा बरामदगी के मामले में था फरार, तस्करी के नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया गया
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
रुड़की। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कलियर पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्कर को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी को नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2025 को एएनटीएफ की टीम ने बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए साबिर हुसैन नाम के आरोपी को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में साबिर ने बताया था कि वह गांजा गाजियाबाद निवासी अमजद सिद्दीकी से लेकर आया था। गांजे की खेप कलियर में एक महिला को पहुंचाई जानी थी। इस मामले में थाना कलियर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में महिला और साबिर के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया गया था, जबकि अमजद लगातार फरार चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने कई बार गाजियाबाद स्थित उसके ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा।


ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश तेज की। आखिरकार सात नवंबर को पुलिस टीम ने थाना अंकुर विहार क्षेत्र के वेद बिहार कॉलोनी, लोनी गाजियाबाद से अमजद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
टीम में ये रहे शामिल
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान और सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल सिंह शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies