
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। घर से अचानक लापता हुई 10 वर्षीय बच्ची को कलियर पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत सकुशल तलाश कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटी के वापस मिलने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि देर रात मुकर्रबपुर निवासी हारुन पुत्र मुख्तियार अहमद ने कोतवाली पहुंचकर सूचना दी कि उसकी 10 वर्षीय बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को बच्ची की तलाश में लगाया। टीम ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लाउडस्पीकर से बच्ची की तलाश के लिए प्रचार कराया। साथ ही बच्ची की फोटो के आधार पर दरगाह क्षेत्र, इमली रोड, धनौरी रोड और सोहलपुर रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तलाश के दौरान पुलिस टीम को बच्ची बेड़पुर के पास अकेली घूमती हुई मिल गई। पुलिस ने बच्ची को सकुशल अपने संरक्षण में लेकर कोतवाली लेकर पहुँची और चाइल्ड वेलफेयर टीम के सामने पेश किया।उसके बाद परिजनों को सूचना देकर बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया गया।बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी,इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सुबोध कुमार और कांस्टेबल प्रकाश मनराल शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies