

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। रामनगर स्थित चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्पोर्ट्स डे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया तथा ध्वजारोहण कर खेल समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।


इसके बाद खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में कप एंड बॉल रेस, पिक बॉल रेस, बनी सैक रेस, कोन एंड बॉल रेस, बैलेंस रेस, कार रेस, किंग रेस, बॉल विद कोन रेस, मिनी बास्केटबॉल रेस, हर्डल रेस एवं लेमन रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कक्षा चार एवं पांच के विद्यार्थियों के लिए बैडमिंटन, रिले रेस, टग ऑफ वॉर एवं स्प्रिंट जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।


सभी विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ खेलों में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक (गोल्ड), द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को रजत पदक (सिल्वर) तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को कांस्य पदक (ब्रॉन्ज) देकर सम्मानित किया गया। पदक पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना को प्रोत्साहित करना था।


इस सफल आयोजन के लिए विद्यालय की चेयरपर्सन राखी चंद्रा, मैनेजिंग डायरेक्टर अभिषेक चंद्रा एवं प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। साथ ही कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने स्वयंसेवक (वॉलंटियर्स) के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया और पूरे आयोजन में सराहनीय सहयोग प्रदान किया।


इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अभिषेक चंद्रा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी आवश्यक हैं। प्रत्येक विद्यार्थी को खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies