
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए उसके रुख को दोहरा चरित्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक तरफ एलन मस्क जैसे उद्योगपतियों और आधुनिक विकास की बातें करती है, वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड में विकास योजनाओं और खाली पड़ी जमीनों पर उद्योग स्थापित करने की पहल का बेवजह विरोध कर रही है।


कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति छोड़कर आंकड़ों और तथ्यों के आधार पर काम की तुलना करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा, "उत्तराखंड में 10 साल तक कांग्रेस का शासन रहा। कांग्रेस अपने कार्यकाल के विकास कार्यों और भारतीय जनता पार्टी सरकार के विकास कार्यों की खुलकर तुलना कर ले, स्थिति खुद साफ हो जाएगी।

मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड में पलायन रोकने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। विशेष रूप से टूरिज्म (पर्यटन) और आयुर्वेदिक क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को राज्य में ही स्वरोजगार और रोजगार मिल रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार ने बाकायदा योजनाएं बनाकर और दूरगामी सोच के साथ प्रदेश का विकास किया है। इसके बावजूद कांग्रेस हर जनकल्याणकारी और औद्योगिक नीति का केवल विरोध के लिए विरोध कर रही है, जो बेहद निंदनीय और राज्य के हित के खिलाफ है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, महामंत्री सागर गोयल, डॉ सौरभ गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, बृजमोहन सैनी, सुशील त्यागी, चौ. धीरसिंह, पंकज नंदा मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies