
दुकानदारों को दुकानों के बाहर सामान न रखने की हिदायत, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के दिए निर्देश
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। दीपावली पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट के नेतृत्व में पुलिस, तहसील प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मुख्य बाजार, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बाजारों में अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दुकानदारों और व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान न रखें और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखें। अधिकारियों ने कहा कि दुकानों के बाहर सामान फैलाने से बाजार में आवागमन बाधित होता है, जिससे त्योहार के दौरान आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो, इसके लिए अतिक्रमण के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण में सीओ रुड़की, तहसीलदार रुड़की, पुलिस और नगर निगम के अधिकारी शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies