
जेएम ने कोतवाली प्रभारी को दोनों पक्षों से वार्ता कर उचित कार्रवाई के दिए निर्देश
रुड़की। ढंडेरा में लक्सर रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर की दुकानों को खाली कराने को लेकर विवाद सामने आया है। दुकानों में कारोबार कर रहे व्यापारियों ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों पर जबरन दुकानें खाली कराने का दबाव बनाने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। व्यापारियों ने मामले की शिकायत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से की है।


व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से मंदिर परिसर की दुकानों में कारोबार कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। इसके एवज में वे प्रत्येक माह की दस तारीख तक नियमित रूप से किराया जमा करते हैं, जिसका रिकॉर्ड मंदिर समिति के रजिस्टर में भी दर्ज है। इसके बावजूद समिति के कुछ पदाधिकारी कथित रूप से दबंग लोगों के माध्यम से उन्हें धमका रहे हैं और दुकानें खाली करने का दबाव बना रहे हैं। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
शिकायत मिलने के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी को दोनों पक्षों से वार्ता कर प्रकरण की जानकारी लेने और नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies