
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। छावनी परिषद रुड़की के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने खाने-पीने की दुकानों और मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान दुकानों में बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की गई और विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए गए। इसके साथ ही दुकानों पर काम करने वाले कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, ताकि खाद्य सामग्री तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित की जा सके।
इस अभियान में छावनी परिषद के हेल्थ इंस्पेक्टर निर्मल मन ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से वीरेंद्र सिंह बिष्ट, दिलीप जैन, योगेंद्र पांडेय और महिमानंद जोशी शामिल रहे।वहीं छावनी परिषद की ओर से कप्तान सार्थक शर्मा, ओसी एसएचओ, हेल्थ इंस्पेक्टर जैकी चौहान और कैंटोनमेंट सेनेटरी असिस्टेंट अंकित कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies