
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में न्याय यात्रा निकाली। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत और विधायक हाजी फुरकान अहमद के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।

न्याय यात्रा रहमतपुर रोड स्थित ग्रीन ब्यूटी पैलेस से शुरू हुई। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए रहमतपुर और बेडपुर रोड के रास्ते दरगाह हजरत अलाउद्दीन अहमद साबिर पाक पहुंचे।यहां देश में अमन-चैन और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए दुआ की गई।इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। जब तक न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस अन्याय के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार जनता के सवालों से बच नहीं सकती।उन्होंने कहा कि वह पहले भी कई बार कलियर शरीफ की दरगाह पर आ चुके हैं। उन्होंने मां गंगा से उत्तराखंड में न्याय की प्रार्थना की थी और आज दरगाह साबिर पाक में भी प्रदेश में न्याय और खुशहाली की दुआ करने पहुंचे हैं। कहा कि देश में महंगाई और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है।
चीनी के दामों में एक साथ भारी बढ़तरी की गई हैं, किसानों की जमीन बेची जा रही है और उत्तराखंड में खनन के पट्टे गुजरात के लोगों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग करने वालों को ईडी के जरिए डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता को गुमराह करने और वोटों का बंटवारा करने की कोशिश होगी, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री हाजी सईद हसन, जिला महामंत्री ग्रामीण साहिल राणा, महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र चौधरी, प्रदेश महासचिव हाजी राव शेर मोहम्मद, प्रधान नसीम, अकरम प्रधान, सुभाष सैनी, अरविंद प्रधान, कृष्णपुरी, परवेज मलिक, आजम शकील, निक्की राणा, अनुराग धनगर, पवन धनगर, मनोज धनगर, रूप चौधरी, अभिषेक धनगर, जगपाल, राव अफजल, आरिफ प्रधान, इरशाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies