

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मालवीय चौक के पास स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में सोमवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की आशंका शॉर्ट सर्किट से जताई जा रही है। कार्यालय से उठते घने धुएं को देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


फायर स्टेशन रुड़की को रात 10:42 बजे कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की मिनी प्रेशर वैन घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर कार्यालय के प्रथम तल पर भीषण आग लगी हुई थी और चारों ओर घना धुआं फैला हुआ था। अग्निशमन कर्मियों ने तत्काल होज पाइप के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर बुलाया गया।


इसके बाद दमकल कर्मियों ने अतिरिक्त होज लाइन बिछाकर लगातार पानी की बौछार की और आग को नियंत्रित किया। आग बुझाने के बाद कार्यालय में मौजूद जले हुए सामान की जांच की गई। अंदर सुलग रहे पदार्थों और चिंगारियों को भी पूरी तरह बुझाया गया, ताकि आग दोबारा न भड़क सके। कार्यालय के दूसरे तल पर भी काफी धुआं मिला, हालांकि वहां आग नहीं पहुंची थी।

दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग को भवन के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। अग्निशमन विभाग के अनुसार इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies