दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। विकासखंड रुड़की की ग्राम पंचायत धनौरी में मनरेगा योजना के तहत पशुशेड निर्माण कार्य में कथित वित्तीय अनियमितताए और ग्राम विकास अधिकारी पर फर्जी बिल तैयार कर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार से शिकायत की है।शिकायतकर्ता में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
धनौरी निवासी जेनिष पुत्र संदीप सैनी ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पिता संदीप के नाम से मनरेगा योजना के तहत पशुशेड निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था। आरोप है कि 10 मई 2025 को मनरेगा पोर्टल पर निर्माण सामग्री के नाम पर 50,460 रुपये के बिल दर्ज किए गए, जबकि न तो उन्हें सामग्री मिली और न ही मौके पर पशुशेड का निर्माण कराया गया।शिकायत में ईंट के 29,925 रुपये, सीमेंट के 7,128 रुपये और अन्य निर्माण सामग्री के बिल शामिल होने की बात कही गई है। 
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पशुशेड निर्माण के नाम पर केवल 11,836 रुपये मजदूरी के रूप में दिए गए हैं,जबकि सामग्री के नाम पर दर्ज धनराशि का हिसाब स्पष्ट नहीं है।आरोप लगाया कि बिलों के संबंध में जानकारी मांगने पर ग्राम विकास अधिकारी ने उन्हें सरकारी ठेकेदार के बिल बताते हुए जवाब दिया। वहीं शिकायत करने की बात कहने पर अधिकारी की ओर से कथित तौर पर धमकी देने और कार्रवाई से बच निकलने की बात कहने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मनरेगा पोर्टल पर दर्ज बिलों भुगतान के अभिलेखों और सामग्री आपूर्ति के दस्तावेजों की जांच कराने के साथ ही मौके पर निर्माण कार्य का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies