
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना):::
रुड़की। गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने और धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम रुड़की ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर निगम की ओर से लक्ष्मी नारायण घाट पर पूजन सामग्री विसर्जन काउंटर स्थापित किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मेयर अनीता अग्रवाल और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने संयुक्त रूप से काउंटर का उद्घाटन किया।

इस काउंटर पर घरों में पूजा-पाठ के बाद बचने वाली पूजन सामग्री एकत्र करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए अलग-अलग बॉक्स बनाए गए हैं, जिनमें धूप, फूल, कपड़े सहित अन्य पूजन सामग्री अलग-अलग रखी जा सकेगी। बॉक्स भरने के बाद नगर निगम की ओर से स्वयं इन सामग्रियों के निस्तारण और विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को पूजन सामग्री सीधे गंगा में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थान पर जमा करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि गंगा की स्वच्छता और पवित्रता बनी रहे। नगर निगम की इस व्यवस्था से धार्मिक सामग्री का उचित निस्तारण हो सकेगा और नदी में प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।


इस अवसर पर पार्षद शिवम अग्रवाल, डॉक्टर सौरभ गुप्ता, अभिषेक चंद्रा, सावित्री मंगला, जेपी शर्मा, रिंकू प्रधान, मनोज कुमार, सागर सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies