News

10/31/2026 12:46:41 PM

फॉनिक्स विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया फ्रेशर समारोह ‘प्रारम्भ-2026’

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोकनृत्य और लाइव संगीत ने बांधा समां, आकाश सैबोम बने मिस्टर फ्रेशर और खुशबू को मिला मिस फ्रेशर का खिताब


दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::


रुड़की। फॉनिक्स विश्वविद्यालय के विशाल प्रांगण में 30 अक्टूबर को सत्र 2026-27 के नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर पार्टी ‘प्रारम्भ-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, फैशन शो और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समारोह में देर तक संगीत और मनोरंजन का दौर चलता रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के संस्थापक साधुराम जैन, चेयरमैन इंजीनियर चैरब जैन, डायरेक्टर जनरल संजय जैन, मुख्य सलाहकार डॉ. केके गौतम, रजिस्ट्रार अमित गौतम, कैंपस निदेशक डॉ. भुवनेन्द्र चौधरी एवं निदेशक डॉ. संग्राम बाणा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर चेयरमैन इंजीनियर चैरब जैन ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि छात्र जीवन केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निखारने, नई प्रतिभाओं को विकसित करने और जीवन में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, रचनात्मकता और टीम भावना को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज सीखी गई बातें और अपनाए गए संस्कार ही भविष्य की सफलता का आधार बनते हैं।


इसके बाद गुंजन, वैभव और कशिश ने भगवान गणेश की स्तुति ‘देवा श्री गणेशा’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने बॉलीवुड डांस, समूह नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का मनोरंजन किया। पूर्वोत्तर राज्यों से आए विद्यार्थियों ने अपने क्षेत्र के लोकनृत्य और लोकगीत प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता की झलक दिखाई। वहीं उत्तराखंड के लोकगीतों और लोकनृत्यों ने भी खूब समां बांधा।


कार्यक्रम में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने मंच पर मॉडलिंग और रैंप वॉक के माध्यम से अपना आत्मविश्वास और प्रतिभा प्रदर्शित की। नन्ही गायिका एवं कलाकार एरिका की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। वहीं इंडियन आइडल के फाइनलिस्ट गुरदीप सिंह ने अपने बैंड के साथ शानदार प्रस्तुति देकर समारोह में संगीत का रंग भर दिया। उनकी प्रस्तुति पर छात्र-छात्राएं जमकर झूमे।विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. प्रभा परमार और डॉ. राघवेंद्र ने निभाई। प्रतियोगिता में आकाश सैबोम को मिस्टर फ्रेशर और खुशबू को मिस फ्रेशर चुना गया। वहीं प्रिंस को मिस्टर इवनिंग, शिलिरिया को मिस इवनिंग, कृष्णा को मिस्टर जेंटलमैन और अंशिका को मिस दिवा के खिताब से नवाजा गया।कार्यक्रम में मंच संचालन संचित और कृतिका ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies