राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित परेड समारोह में आईजी राजीव स्वरूप ने किया सम्मानित, कोरोना काल और अर्धकुंभ में भी मिल चुका है सम्मान
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। धराली में आई भीषण आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में उत्कृष्ट योगदान और कुशल नेतृत्व के लिए टिहरी गढ़वाल की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे को प्रतिष्ठित डीजीपी सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया है। 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य परेड समारोह में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।

धराली आपदा के दौरान श्वेता चौबे ने अपने कुशल नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके इसी उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए पुलिस विभाग की ओर से उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उनकी कार्यक्षमता, जनसेवा के प्रति समर्पण और कठिन परिस्थितियों में जिम्मेदारी निभाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

श्वेता चौबे को इससे पूर्व भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2021 में हरिद्वार अर्धकुंभ के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए उन्हें सम्मान मिला था। वहीं कोरोना काल में देहरादून में एसपी सिटी रहते हुए जनसेवा और बेहतर कार्यों के लिए भी उन्हें सम्मानित किया गया था।

लगातार विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर कार्य करने के लिए मिले सम्मान से पुलिस विभाग में उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता की सराहना हो रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies