
छह बैंक खातों से देश के आठ राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क, 20 से अधिक साइबर शिकायतों में सामने आया नाम
दैनिक रुड़की (फिरोज खान)::
रुड़की। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में मंगलौर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, प्रतिबिम्ब पोर्टल पर हॉटस्पॉट मूल खाते की जानकारी सामने आने के बाद जांच शुरू की गई। जांच में बैंक खाता संख्या 57410110000747 के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं। इसके आधार पर मंगलौर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 391/2026, धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान बैंक खाताधारक की पहचान आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के जरिए गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब समेत विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं। छह खातों के माध्यम से 80 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को फोन कर लॉटरी लगने और इनाम मिलने का झांसा देता था। लालच में आए लोगों से ठगी करने के बाद रकम एटीएम के माध्यम से निकालकर अन्य लाभार्थी खातों में स्थानांतरित कर देता था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और खातों की जानकारी जुटा रही है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies