News

10/29/2026 4:57:38 PM

पेंशनर्स सीनियर सिटीजन वेलफेयर ट्रस्ट ने दूसरे वर्ष भी छात्राओं को बांटी छात्रवृत्ति और जर्सी, स्कूल प्रबंधन ने जताया आभार...



दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::: 

रुड़की। पेंशनर्स सीनियर सिटीजन वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से रुड़की सिटी इंटर कॉलेज में छात्राओं को स्वेटर, जर्सी और 1,100-1,100 रुपये की छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए। ट्रस्ट की इस पहल के लिए स्कूल प्रबंधन समिति एवं प्रधानाध्यापक ने सभी पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर स्कूल के अध्यक्ष दीपक वर्मा ने कहा कि पेंशनर्स सीनियर सिटीजन वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा लगातार दूसरे वर्ष भी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं जर्सी वितरित करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। ट्रस्ट का यह प्रयास जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाला है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सामाजिक संस्थाओं की ओर से मिलने वाला सहयोग उनके लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होता है।

दीपक वर्मा ने ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना सराहनीय पहल है। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी अपील की कि वे शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में आगे आएं तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करें।

वहीं, ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था की ओर से समय-समय पर ऐसे सामाजिक कार्य किए जाते हैं। ट्रस्ट जरूरतमंद विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें आर्थिक सहायता और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास करता है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। इस मौके पर चेयरमैन डॉ शुभदीप वर्मा, अध्यक्ष वाईएन गोयल, महासचिव केएल गुप्ता, कोषाध्यक्ष मुंशीराम अरोड़ा उपस्थित रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies