News

10/27/2026 3:29:35 PM

पनियाला सहकारी समिति की वार्षिक बैठक में किसानों को 5 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा

जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बिजेन्द्र चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. नरेंद्र सिंह रहे मौजूद, कृषि उपकरणों के लिए ऋण सुविधा शुरू करने का सुझाव


दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::


रुड़की। बहुउद्देशीय प्रारंभिक कृषि ऋण सहकारी समिति लिमिटेड पनियाला की वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक मंगलवार को समिति परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मास्टर धर्मपाल सिंह ने की। बैठक में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार के अध्यक्ष बिजेन्द्र चौधरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. नरेंद्र सिंह अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान समिति के विकास, किसानों की आजीविका बढ़ाने और सहकारिता के माध्यम से कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।


बैठक में जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष बिजेन्द्र चौधरी ने सहकारी बैंक और सहकारिता विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से समिति के कृषक सदस्य अपनी आजीविका को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने पनियाला सहकारी समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की। वहीं, डॉ. नरेंद्र सिंह ने सहकारी समितियों को नए व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नए व्यवसायों के माध्यम से समितियों की आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है और किसानों को भी इसका लाभ मिल सकता है।


समिति की अध्यक्ष रिया तंवर ने बैठक में समिति के इतिहास और वित्तीय वर्ष 2026-27 का अनुमानित वार्षिक बजट प्रस्तुत किया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के कुल लाभ में से कृषक सदस्यों को उनके अंशधन के अनुपात में पांच प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की गई। इस घोषणा से समिति के सदस्य किसानों को लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ।


समिति सचिव राजन कुमार ने वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक का एजेंडा पढ़कर सुनाया, जिस पर उपस्थित सदस्यों ने सहमति जताई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे मास्टर धर्मपाल सिंह ने लघु एवं सीमांत किसानों की सुविधा के लिए सहकारी समितियों और जिला सहकारी बैंकों के माध्यम से ट्रैक्टर सहित अन्य कृषि उपकरण खरीदने के लिए ऋण सुविधाएं शुरू करने का सुझाव दिया। इसके बाद बैठक के समापन की घोषणा की गई।बैठक में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुभाष वर्मा, किसान यूनियन क्रांति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास सैनी, जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के निदेशक राजबीर सिंह और नवनीत सिंह, वरिष्ठ कॉर्पोरेटर मांगेराम सिरोही और मुकेश राणा, पूर्व प्रधान आबिद हसन, यशपाल सिंह वैदिक शिक्षण संस्थान पनियाला के प्रबंधक रणवीर सिंह सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।


समिति के संचालक मोहम्मद असलम, धूम सिंह, सरवरी, सुषमा त्यागी, समन्द्री, मोहित सिंह, ईशम सिंह, शमा प्रवीन, फैजान, नीरज सैनी, वरुण त्यागी, पुष्पेन्द्र सिंह और एडवोकेट सफदर अली सहित बड़ी संख्या में कृषक सदस्य उपस्थित रहे। सहकारिता विभाग की ओर से अपर जिला सहकारी अधिकारी हरिद्वार रियासत अली और सहायक विकास अधिकारी केदार दत्त कण्डवाल भी बैठक में शामिल हुए।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies