
राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने उठाई समाज की राजनीतिक भागीदारी की आवाज, चीनू पंडित जैसे युवाओं को विधानसभा में भेजने का आह्वान
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति की ओर से नगर निगम सभागार में भाईचारा, एकता और सामाजिक समरसता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस दौरान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी का सम्मान किया गया। उन्होंने उत्तराखंड में त्यागी या ब्राह्मण समाज के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठाते हुए समाज के लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मांगेराम त्यागी ने कहा कि उत्तराखंड में मैदान के लोगों को भी सरकार में बराबर की भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के बड़े नेता पहाड़ और मैदान के बीच संतुलन बनाने के बजाय पहाड़ के लोगों को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार में मैदान के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

मांगेराम त्यागी ने घोषणा की कि जल्द ही देहरादून में समिति की ओर से महापंचायत आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज की आवाज को मजबूती से उठाने वाले लोगों को राजनीतिक रूप से मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने चीनू पंडित जैसे युवाओं को विधानसभा तक पहुंचाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि ऐसे युवाओं को चुनाव लड़ाने के लिए समाज के लोगों को एक मंच पर आना होगा। समाज की एकजुटता ही राजनीतिक भागीदारी को मजबूत कर सकती है।
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी ने ब्राह्मण और त्यागी समाज के लोगों का उत्पीड़न करने का प्रयास किया तो उसे इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने विधायक और मंत्रियों की पेंशन बंद कर पत्रकारों को वेतन देने की मांग भी उठाई।

समाज की एकता पर दिया जोर
कार्यक्रम संयोजक विनीत शर्मा उर्फ चीनू पंडित ने समाज की एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के हितों की रक्षा और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम के दौरान समिति में विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्तियां भी की गईं।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश अध्यक्ष अंशुल त्यागी और पार्षद अनुराग त्यागी ने किया। इस अवसर पर गढ़वाल मंडल अध्यक्ष अमित त्यागी, विनोद कुमार शर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश कौशिक, जेपी शर्मा, सतीश शर्मा, अनिल शर्मा, सुरेंद्र त्यागी, ऋषभ त्यागी, शुभम शर्मा और शगुन पंडित सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies