दैनिक रुड़की
रुड़की। यात्री वाहनों में नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर परिवहन विभाग ने शनिवार सुबह चार बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद पड़ियाल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 50 वाहनों के चालान किए गए। इनमें आठ भारी वाहन और 12 टैक्सी-मैक्सी वाहन शामिल हैं।
अभियान के दौरान स्लीपर, लग्जरी, पर्यटक बसों सहित अन्य यात्री वाहनों की जांच की गई। परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों के परमिट, फिटनेस, टैक्स, अनधिकृत बदलाव (अल्टरेशन), हाई बीम लाइट के इस्तेमाल, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और इंश्योरेंस सहित जरूरी दस्तावेजों की जांच की। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के चालान किए गए।
एआरटीओ (प्रवर्तन) कृष्ण चंद पड़ियाल के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने वाहनों की तकनीकी स्थिति और यात्री सुरक्षा से जुड़े मानकों का भी निरीक्षण किया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करना है। चेकिंग अभियान टीम में विभाग के परिवहन कर अधिकारी हरीश रावल, नवीन चंद्र तिवारी, परिवहन सहायक निरीक्षक सोनू कटारिया, परिवहन आरक्षी, विकास,वारिस, रवि शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies