News

10/24/2026 7:29:45 PM

मिठाई की ट्रे पर निर्माण और समाप्ति तिथि लिखने के नियम में दीपावली तक रियायत की मांग

खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ बैठक में उठाया मुद्दा, मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांग रहे व्यापारी

दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::

रुड़की। मिठाई की दुकानों पर 26 अक्टूबर से मिठाइयों के निर्माण और समाप्ति की तिथि लिखना अनिवार्य किए जाने को लेकर कारोबारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस नियम को लागू करने में दीपावली तक रियायत देने की मांग को लेकर शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और मिठाई कारोबारियों के बीच बैठक हुई। व्यापारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कारोबार की व्यस्तता को देखते हुए उन्हें इस प्रक्रिया को अपनाने के लिए अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए।


रामनगर स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने कारोबारियों को नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिस दिन मिठाई तैयार की जाती है, उसी दिन उसकी ट्रे पर निर्माण की तिथि अंकित करना जरूरी होगा। इसके साथ ही मिठाई के उपयोग की अंतिम तिथि भी लिखनी होगी। नियमों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान है। अधिकारियों ने दीपावली के दौरान मावा और अन्य कच्चे माल की खरीद के बिल अनिवार्य रूप से लेने की भी बात कही।


व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं मिठाई कारोबारी अरविंद कश्यप ने कहा कि मिठाई कारोबारियों को इस नियम को लागू करने में दीपावली तक रियायत दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यापारी खराब मिठाई बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहता। ऐसा करने से उसकी दुकान की साख भी खराब होती है। दीपावली तक लगातार त्योहार होने के कारण कारोबारी पहले से ही काफी व्यस्त हैं। ऐसे में दीपावली के बाद इस प्रक्रिया को अपनाने में उन्हें आसानी होगी।


अरविंद कश्यप ने बताया कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय मांग रहे हैं। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने भी उन्हें मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने के संबंध में आश्वासन दिया है।बैठक में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पांडेय, हरिद्वार खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, भगवानपुर खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार, आशीष भार्गव, प्रवीण मेंहदीरत्ता, संजय कश्यप, मनोज कुमार, नरपत सिंह, लविश, अभय जिंदल, देवेंद्र चौहान, आशीष कश्यप, करण, श्याम सिंह गेरा और हनीश सहित अन्य कारोबारी मौजूद रहे।

Dainik Roorkee
Get In Touch

Roorkee

+91-9917800802 | 9837404445 | 9897757557

dainikroorkeenews@gmail.com

Follow Us

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies