
स्टाफ स्पोर्ट्स मीट में 78 वर्षीय बीएस पंवार भी दौड़े, पदक जीतकर बने आकर्षण का केंद्र
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब रुड़की की ओर से आयोजित आठवीं स्टाफ स्पोर्ट्स मीट-2026 के पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में रवि मोहन ने सर्वाधिक 16 पदक जीतकर एक बार फिर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, 78 वर्ष की उम्र में दौड़ लगाकर पदक जीतने वाले बीएस पंवार ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।

शनिवार को आयोजित समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा मुख्य अतिथि रहे। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर कमल किशोर पंत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्टाफ स्पोर्ट्स क्लब के संरक्षक एवं आईआईटी रुड़की के पूर्व प्रोफेसर तथा पूर्व मुख्यमंत्री के सलाहकार ठाकुर नरेंद्र सिंह ने की। क्लब के संरक्षक कैप्टन राजकुमार सिंधू, संस्थान के मुख्य क्रीड़ा अधिकारी डॉ. आलोक पांडेय और नगर निगम पार्षद राजन गोयल भी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अपने संबोधन में खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण अंग बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रोफेसर कमल किशोर पंत ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी खेल में भाग लेना चाहिए। खेल शारीरिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के साथ ही सकारात्मक सोच और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।
समारोह में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। क्रिकेट की तीनों टीमों के कप्तानों को शील्ड प्रदान की गई। 78 वर्ष की उम्र में दौड़ लगाकर पदक जीतने वाले बीएस पंवार का भी विशेष सम्मान किया गया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संस्थान के सहायक कुलसचिव लेखराज को विशेष ट्रॉफी प्रदान की गई। उन्होंने एथलेटिक्स में छह पदक सहित कुल दस पदक जीते। इसके अलावा क्लब की ओर से पुराने खिलाड़ियों और बुद्धिजीवियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में दलजीत सिंह, जगत खनका, दुष्यंत सिंह पुंडीर, योगेश गोयल, अजय राठी, मंजीत सिंह राणा, सुभाष सक्सेना और सोनी रोड शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन क्लब के संयोजक मानपाल शर्मा ने किया। शुरुआत में क्लब अध्यक्ष ठाकुर राजपाल सिंह ने अतिथियों का पटका पहनाकर और माला पहनाकर स्वागत किया।इस अवसर पर आईआईटी रुड़की कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष अंकित सैनी, सुभाष चंद्र बोस मनोरंजन क्लब के अध्यक्ष आदित्य सैनी, प्रशासनिक अधिकारी चौधरी शिवकुमार सिंह, महासचिव अरविंद गौतम, कोषाध्यक्ष विजयपाल सहित खेल संयोजक रवि मोहन, नरेश भारद्वाज, अरविंद्र कपिल, सागर गर्ग, योगेंद्र वलथरे, प्रवेश शर्मा तथा संस्थान के खिलाड़ी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies