

दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को नया आयाम देने के उद्देश्य से चंद्रशेखर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 4 एवं 5 के विद्यार्थियों के लिए ‘शरीर के प्रति सकारात्मक सोच’ (Body Positivity) विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया जा रहा है।

इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपने शरीर, रूप-रंग और शारीरिक विशेषताओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करना है। सत्र के दौरान विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण सीख दी जाएगी कि हर व्यक्ति की शारीरिक बनावट और रंग-रूप अलग होता है, और यही विविधता हर इंसान की असली पहचान है। बच्चों को यह समझाया जाएगा कि किसी भी व्यक्ति का मूल्यांकन उसके बाहरी स्वरूप से नहीं, बल्कि उसके गुणों, व्यवहार, प्रतिभा और आंतरिक व्यक्तित्व के आधार पर होना चाहिए।

कार्यक्रम में रोचक गतिविधियों, संवाद और परिचर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मसम्मान और सकारात्मकता विकसित की जाएगी। इसके साथ ही, बच्चों को दूसरों के शारीरिक स्वरूप का मजाक न उड़ाने, किसी के साथ भेदभाव न करने और सभी के प्रति संवेदनशीलता व सम्मान की भावना रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंधन अभिषेक चंद्रा एवं प्रधानाचार्या पूनम चंद्रा ने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को आत्मविश्वासी, संवेदनशील और सकारात्मक सोच वाला नागरिक बनाना है।

© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies