
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। शादी का झांसा देकर महिला का करीब दो साल तक शारीरिक शोषण करने और बाद में अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर कलियर पुलिस ने सहारनपुर निवासी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सहारनपुर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गाड़ा निवासी मेहराज का उसके घर आना-जाना था। आरोप है कि युवक ने खुद को कुंवारा बताकर उससे शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद वह उसे कलियर स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया और करीब दो साल तक शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता के अनुसार एक दिन आरोपी उसे घूमने के बहाने कलियर लेकर आया था।
इसी दौरान उसके मोबाइल पर फोन आया। पीड़िता ने फोन उठाया तो दूसरी ओर बात कर रही महिला ने खुद को आरोपी की पत्नी बताया। इस बात की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने आरोपी से सवाल किए, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया।पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद युवक ने उसे डराया-धमकाया और अपने पास मौजूद अश्लील फोटो व वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित करने की धमकी दी।
किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी मेहराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies