
दैनिक रुड़की (योगराज पाल):::
रुड़की। नगर निगम कॉम्प्लेक्स में पिछले पांच दिनों से चल रहे सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव का समापन श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सिंदूर खेला का आयोजन किया। मां दुर्गा की महाआरती के बाद शोभायात्रा निकाली गई, जिसके पश्चात माता की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आने की कामना की।

दुर्गा पूजा के अंतिम दिन कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा अपनी पत्नी मनीषा बत्रा के साथ नगर निगम कॉम्प्लेक्स पहुंचे। यहां उन्होंने मां दुर्गा का विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद लिया। वहीं, कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी रहीं पूजा गुप्ता ने भी मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने महिलाओं को सिंदूर लगाकर सिंदूर खेला की परंपरा में भाग लिया और महाआरती में शामिल होकर मां दुर्गा से सुख-समृद्धि की कामना की।

सिंदूर खेला के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। पारंपरिक बंगाली रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। महाआरती के बाद निकली शोभायात्रा में मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। इसके बाद विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया। पांच दिनों तक चले इस आयोजन का समापन मां दुर्गा की विदाई और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना के साथ हुआ। इस मौके पर शिप्रा सिंह, रुद्रा गुप्ता, शाम्पा मौलिक, शाम्पा सामंता, ऋषि, बुधो देव, साधु, प्रोषण, सत्यनारायण, संदीप, प्रदीप सामंता, केशव पांडे, पिंटू निधि शांडिल्य आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies