
दैनिक रुड़की (योगराज पाल)::
रुड़की। चावमंडी में मत्स्य विभाग हरिद्वार की ओर से स्थापित ऑर्नामेंटल फिश कियोस्क का उद्घाटन बुधवार को हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र की शुरुआत को मत्स्य पालन और सजावटी मछलियों के व्यवसाय को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।


चावमंडी स्थित केंद्र का उद्घाटन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सजावटी मछलियों का व्यवसाय स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस तरह की पहल से लोगों को मत्स्य पालन से जुड़ी गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के साथ ही रोजगार और आय के नए साधन विकसित करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि आजकल ऑर्नामेंटल फिश की मांग बढ़ रही है लोग सजावटी तौर पर और वास्तु के अनुसार इन मछलियों को घर में रखना चाहते हैं उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह बड़े बाजार के रूप में स्थापित होगा।मत्स्य सहायक निदेशक गरीमा ने कहा कि मत्स्य विभाग हरिद्वार के माध्यम से स्थापित इस कियोस्क का संचालन पूजा रानी करेंगी उन्होंने बताया कि केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में सजावटी मछलियों से संबंधित व्यवसाय को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य मत्स्य पालन के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को आगे बढ़ाना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर ,सचिन सैनी,ललित,ऋतिक, रितु,उर्मिला,मनीष आदि मौजूद रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies