
दैनिक रुड़की (इकराम अली)::
पिरान कलियर। धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपियों की धरपकड़ के लिए कलियर पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लकड़ी के सौदे में छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश में लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने सुराग जुटाए और विशेष टीम गठित कर उत्तर प्रदेश में दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को ऑपरेशन प्रहार के तहत अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक, पिरान कलियर के वार्ड चार निवासी अफजाल पुत्र शरीफ ने 26 सितंबर 2024 को तहरीर देकर लकड़ी बेचने के नाम पर छह लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर अमरजीत सिंह निवासी जीयनचक, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
लगातार प्रयासों के बाद भी हाथ नहीं आया, घोषित हुआ इनाम
मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बच रहा था। कलियर पुलिस ने उसकी तलाश में कई बार प्रयास किए, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया। इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और उपलब्ध सुरागों के आधार पर वाराणसी तक पहुंच बनाई। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गाजीपुर में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गाजीपुर जिले के अलग-अलग थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।जमनियां थाने में वृक्ष अधिनियम, सैदपुर थाने में धोखाधड़ी और मोहम्मदाबाद थाने में चोरी से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा पिरान कलियर कोतवाली में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई रमेश कुमार सैनी, एएसआई रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, जमशेद अली, सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल और होमगार्ड अंकित शामिल रहे।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies