
दैनिक रुड़की (राहुल सक्सेना)::
रुड़की। जिला योजना समिति के चुनाव में जीत हासिल कर लौटे रुड़की नगर निगम के पांचों पार्षदों का शुक्रवार को नगर निगम पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। मेयर अनीता अग्रवाल, ललित मोहन अग्रवाल और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने विजयी पार्षदों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी। वहीं केबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अपने आवास पर उनका स्वागत किया।इस दौरान पार्षदों और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।


हरिद्वार में आयोजित जिला योजना समिति के चुनाव में रुड़की नगर निगम के पांचों पार्षदों ने जीत दर्ज कर नगर निगम का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया। विजयी पार्षदों में संजीव तोमर, सतवीर सिंह, रिशु वर्मा, नीतू शर्मा और शहनाज शामिल हैं। चुनाव में कुल 73 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 40 पार्षद और 33 सभासद शामिल रहे। मतदान के बाद हुई मतगणना में रुड़की नगर निगम के पांचों प्रत्याशियों ने सफलता हासिल की।

नगर निगम पहुंचने पर विजयी पार्षदों का स्वागत करते हुए मेयर अनीता अग्रवाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि जिला योजना समिति में वे शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। ललित मोहन अग्रवाल और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने भी सभी विजयी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। केबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि पांचों के निर्वाचन से शहर के विकास को गति मिलेगी।

पांचों पार्षदों की जीत को रुड़की नगर निगम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। जिला योजना समिति में प्रतिनिधित्व मिलने से शहर की विकास योजनाओं, जनसमस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा।
© Dainik Roorkee. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies